
कानपुर नगर।
भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर आधुनिक भारत के महान विचारक, विधिवेत्ता और समाज सुधारक थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान ने देश को लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता और न्याय की मजबूत आधारशिला प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना। अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर उन्होंने समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन समानता, न्याय और शिक्षा के महत्व का संदेश देता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय पारदर्शिता, संवेदनशीलता और सेवा भाव को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आमजन, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद लोगों के साथ सम्मान और सहानुभूति का व्यवहार करना ही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति, अपर जिलाधिकारी नगर, समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


