VIP पार्टी का कार्यक्रम रद्द होने से भड़का निषाद समाज का आक्रोश, आरक्षण नहीं तो भाजपा को वोट नहीं: मुकेश साहनी
उरई। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की प्रस्तावित संकल्प यात्रा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को जिलाधिकारी द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बाद निषाद समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और कार्यकर्ता उरई पहुंचे थे। कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
VIP के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश साहनी ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित होने वाले कार्यक्रम को अनुमति न देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि कार्यक्रम को अनुमति क्यों नहीं दी गई।
कार्यक्रम निरस्त होने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार के पास स्थित स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और पार्टी समर्थक मौजूद रहे। मुकेश साहनी की एक झलक पाने के लिए भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गंगाजल हाथ में लेकर दिलाया संकल्प
धरने के दौरान मुकेश साहनी ने गंगाजल हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण के मुद्दे पर समाज की अपेक्षाओं को पूरा नहीं करती है तो आगामी चुनाव में भाजपा को वोट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजनीतिक रूप से एकजुट होकर अपने अधिकारों और आरक्षण के मुद्दे को मजबूती से उठाने की अपील की।
मुकेश साहनी ने कहा कि समाज के अधिकारों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और आने वाले समय में निषाद समाज को राजनीतिक रूप से अपनी ताकत का एहसास कराना होगा।
पूर्व मंत्री अछेलाल निषाद ने की कार्यक्रम रद्द होने की निंदा
कार्यक्रम आयोजक एवं प्रभारी पूर्व मंत्री अछेलाल निषाद ने सम्मेलन और संकल्प यात्रा को अनुमति नहीं मिलने के कारण निरस्त किए जाने पर जिलाधिकारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने दूर-दराज के जिलों से उरई पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और पुरुषों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम भले ही आयोजित नहीं हो सका, लेकिन जिस तरह से बड़ी संख्या में समाज के लोग उरई पहुंचे, उससे समाज की एकजुटता और आक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम के उपरांत मुकेश साहनी शहर के एक होटल में अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से भी मिले। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से बातचीत की और संगठन को मजबूत करने तथा समाज के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरक्षण और अपने अधिकारों के मुद्दे को लेकर आवाज बुलंद की। साथ ही उन्होंने आने वाले समय में अपने अधिकारों के लिए आंदोलन और राजनीतिक संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।