
सामाजिक एकता का दिया संदेश
अयोध्या। भारत रत्न भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर समाजवादी पार्टी के प्रभारी चौधरी लोटनराम निषाद के नेतृत्व में दर्जनों गांवों में भव्य मोटरसाइकिल मार्च निकाला गया। इस मार्च के माध्यम से सामाजिक एकता, जागरूकता और अधिकारों के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
मोटरसाइकिल मार्च राममहर स्थित मनीराम वर्मा के पेट्रोल पम्प से प्रारंभ होकर गोसाईंगंज, तेजापुर, बेसौरा अंडरपास, रामापुर, अमसिन, बन्दनपुर, महबूबगंज, दिलासीगंज, उनियार, आलापुर केवटहिया, बिसवल, रामपुर पुवारी, बाकरगंज, मया और अलनाभारी होते हुए नेव कबीरपुर में समापन हुआ। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने रैली का स्वागत किया और डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर चौधरी लोटनराम निषाद ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को संगठित और जागरूक बनाना होगा। उन्होंने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकता और भागीदारी से ही ऐसे कार्यक्रम सफल होते हैं।


