

कानपुर, 3 जुलाई 2025:
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर विकास मंत्री श्री ए.के. शर्मा से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के अध्यक्ष श्री शशि कुमार मिश्रा, प्रदेश महामंत्री रमाकांत मिश्रा, प्रवक्ता मुन्ना हजारिया, प्रचार मंत्री सुधाकर मिश्रा, आनंद मिश्र, लखनऊ यूनियन अध्यक्ष संजय चंद्रा, अमित सिंह, अमरनाथ आदि शामिल रहे।
भेंट के दौरान पदाधिकारियों ने मंत्री जी को महासंघ की लंबित समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। समस्याओं को लेकर पहले भी प्रमुख सचिव नगर विकास से पाँच बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन एक भी बिंदु का समाधान नहीं हो सका है, जिससे कर्मचारी वर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है।
महासंघ ने मंत्री जी को यह भी अवगत कराया कि आगामी 9 जुलाई 2025 को प्रदेशभर में नगर विकास मंत्री एवं प्रमुख सचिव नगर विकास को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो कर्मचारी वर्ग अनिश्चितकालीन कार्यबंदी के लिए विवश होगा, जिसकी पूर्ण ज़िम्मेदारी शासन और सरकार की होगी।
मंत्री श्री शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित उच्च अधिकारियों को शीघ्र निर्देशित किया जाएगा।