
सीतापुर।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नई दिल्ली के साईं गार्डन में आयोजित एक भव्य समारोह में जनपद सीतापुर की दो बेटियों—पिंकी अरविंद प्रजापति और नीतू वर्मा—को “राष्ट्रीय नारी रत्न सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाल युवा नारी जागृति मंच द्वारा किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह के करकमलों से प्रदान किया गया।
सिधौली क्षेत्र के टड़ई गांव की पिंकी अरविंद प्रजापति सामाजिक सेवा, महिला आत्मनिर्भरता और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वहीं असेनिया गांव की नीतू वर्मा, जो वर्तमान में ग्राम पंचायत अधिकारी हैं, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करते हुए युवाओं का मार्गदर्शन भी कर रही हैं। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे सीतापुर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।


