
विशेष संवाददाता, औरैया/इटावा: आगरा खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी अंबरीश पाल सिंह (किला आवागढ़) के पक्ष में औरैया और इटावा जनपद में माहौल पूरी तरह गरमा गया है। अपने जनसंपर्क अभियान को नई गति देते हुए उन्होंने तिलक महाविद्यालय (औरैया), नगर पालिका इंटर कॉलेज, जनता महाविद्यालय (अजीतमल) और जनता कॉलेज (बकेवर) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में स्नातक मतदाताओं और प्राध्यापकों से व्यापक संवाद किया।
इस दौरान शिक्षकों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और सेवा सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रखरता से उठाईं। मतदाताओं को आश्वस्त करते हुए अंबरीश पाल सिंह ने कहा, “शिक्षकों का संघर्ष और स्नातकों की पीड़ा अब महाविद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी। मैं उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को विधान परिषद के सदन तक मजबूती से पहुंचाऊंगा और रोजगार के नए अवसर खोलने के लिए प्रतिबद्ध रहूँगा।”
अंबरीश पाल के इस संकल्प पर शिक्षाविदों ने एक सुर में उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। इस मौके पर प्रो. अरविंद कुमार शर्मा, प्रो. अजय शर्मा, प्रो. रामबहादुर यादव, सुनील कुमार मिश्रा और प्रदीप दुबे सहित भारी संख्या में प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें शिक्षा जगत की ‘सशक्त आवाज’ बताते हुए चुनाव में पूर्ण समर्थन का संकल्प लिया।



