

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीतिकोलकाता के परेड ग्राउंड में ऐतिहासिक बदलाव का दौर शुरू हो गया है। भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर नया इतिहास रच दिया। कोलकाता के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह,केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
शपथ ग्रहण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच से घुटनों के बल झुककर जनता का आभार व्यक्त करते नजर आए, जिसकी तस्वीरें पूरे देश में चर्चा का विषय बन गईं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ छह मंत्रियों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
भाजपा समर्थकों ने इसे “बंगाल में सुशासन युग की शुरुआत” बताया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मिठाई बांटकर और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया। कोलकाता समेत कई जिलों में भाजपा कार्यालयों पर भारी भीड़ देखने को मिली।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल में यह परिवर्तन राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और विकास को प्रमुख मुद्दा बनाया था, जिसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ के बाद कहा कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र पर कार्य करेगी तथा बंगाल को विकास और रोजगार के नए रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।


