

नूरपुर (बिजनौर)। महात्मा विदुर की धरती नूरपुर में रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का भव्य प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। चांदपुर मार्ग स्थित सूर्यांश वेकेंट हॉल में आयोजित इस सम्मेलन का विषय “पत्रकारिता: चुनौती एवं समाधान” रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मुख्य सचिव सैनिक कल्याण एवं समाज कल्याण एल. वेंकटेश्वर लू, जिलाधिकारी जसजीत कौर, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ग्राम्य गौरव पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि पत्रकार समाज का सच्चा प्रहरी होता है और उसकी कलम समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित बनाने में ग्रामीण पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष और सत्य आधारित पत्रकारिता करने तथा युवाओं को नशा और सामाजिक कुरीतियों से दूर रखने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में उनकी अहम भूमिका है। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने भी पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अतिथियों को पगड़ी और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति से सम्मेलन सफल रहा।



