कश्यप सन्देश

24 March 2026

ट्रेंडिंग

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में 44 दिव्यांगों को दिए प्रमाण पत्र

कानपुर नगर।
तहसील बिल्हौर में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर लगाए गए इस शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर दिव्यांगजनों को त्वरित लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में दिव्यांग बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 56 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, जिनमें से 44 दिव्यांगजनों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 12 को विस्तृत जांच के लिए रेफर किया गया।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से 6 दिव्यांगजनों के एनपीसीआई लिंक बैंक खाते मौके पर खोले गए और उन्हें एटीएम कार्ड भी वितरित किए गए। इसके साथ ही 3 दिव्यांगजनों के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन कराया गया। शिविर में 8 दिव्यांगजनों का पंजीकरण दिव्यांग पेंशन योजना के लिए किया गया, जबकि 7 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण योजना से जोड़ा गया। इसके अतिरिक्त एक दिव्यांगजन को दुकान संचालन योजना तथा एक को शादी अनुदान योजना के अंतर्गत पंजीकृत किया गया।
इस विशेष शिविर में चिकित्सा, पूर्ति, राजस्व, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा भारतीय डाक विभाग सहित विभिन्न विभागों ने समन्वय के साथ कार्य किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, डीसीपी कासिम आबिदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिदत्त नेमी, उप जिलाधिकारी बिल्हौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है और शासन की योजनाओं का लाभ तेजी से आमजन तक पहुंच रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top