

भोपाल। मध्यप्रदेश मांझी कीर आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण उत्थान समिति के तत्वावधान में रविवार को भोपाल स्थित रेलवे इंस्टीट्यूट में प्रदेश स्तरीय 17वें युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 युवक-युवतियों का पंजीयन हुआ, जिससे समाज में आपसी वैवाहिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम एवं भगवान निषादराज के पूजन से हुआ। मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवक कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने अपने संबोधन में मांझी समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने “बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे” का संदेश देते हुए सामाजिक समरसता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि मालती राय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की सराहना की। सम्मेलन में समाज की बेटियों की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही। प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।
— समीर वर्मा, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मध्य प्रदेश)


