

ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। विधानसभा क्षेत्र ठाकुरद्वारा स्थित कुड़का नदी के पास बने प्रमुख मोक्षधाम की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय समाजसेवियों ने शासन से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। मोक्षधाम कमेटी के संरक्षक नरेश कुमार कश्यप ने माननीय कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा० संजय कुमार निषाद को संबोधित प्रार्थना पत्र में बताया कि ठाकुरद्वारा नगर का यह सबसे बड़ा मोक्षधाम है, जिसकी वर्तमान स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। इस प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए मंत्री डॉ संजय निषाद ने तत्काल मरादाबाद जिलाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर आख्या मांगी परन्तु प्राथी को अभी तकनिराशा ही मिली है।
प्रार्थी द्वारा अपने स्तर से अथक प्रयास कर कुछ जीर्णोद्धार कार्य कराया गया है, किन्तु पेड़-पौधों को पानी देने तथा गौ-सेवा एवं अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संसाधनों का अभाव बना हुआ है। इसी उद्देश्य से पूर्व में दिनांक 07 जुलाई 2024 को मुख्यमंत्री दरबार, गोरखपुर में एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर 2 इंच का समरसेबल और एक छोटा ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।
बताया गया कि कई गरीब परिवार आर्थिक तंगी के कारण दाह संस्कार का खर्च वहन करने में असमर्थ रहते हैं, ऐसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहन ईंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहायक सिद्ध होगा। इस संबंध में 14 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन रिमाइंडर भी दर्ज कराया गया, जिसका संदर्भ संख्या 4001352400346 है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
नरेश कश्यप ने बताया की मोक्षधाम कमेटी ने जनहित और मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार एवं अन्य सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सकें।


